जगत्जननी माँ जगदम्बे की हम सब पर कृपा हुई, जिससे आप और हम माता वैष्णों देवी के दर्शन हेतु जम्मू (कटरा) के लिये विशेष रेलगाड़ी द्वारा यात्रा करने के लिये तत्पर हुए हैं।
माँ वैष्णों देवी की परम् अनुकम्पा से प्रथम यात्रा दिनांक 7 जनवरी 2012 एवं द्वितीय 17 नवम्बर 2012 को संपन्न हुई, जिसमें अभूतपूर्व लोकप्रियता, सफलता व आशीर्वाद प्राप्त हुआ है. इसी प्रकार हमने दिनांक 21 अप्रैल 2013 को बाबा के आर्शीवाद से अत्यंत सफल सांईधाम यात्रा पूर्ण की व वैष्णों देवी की तृतीय मात्रा 21 दिसम्बर 2013, चतुर्थ यात्रा 14 मार्च 2015, पंचम यात्रा 22 दिसम्बर 2015 एवं छठीं यात्रा 21 दिसम्बर 2016, सातवी यात्रा 20 दिसम्बर 2017 को एवं आठवीं यात्रा 20 दिसम्बर 2018 को एवं नवमी यात्रा 20 दिसम्बर 2019 को एवं दसवीं यात्रा 20 दिसम्बर 2022 को सानंद संपन्न हुई जिसकी वजह से अपार जनसमूह इस यात्रा में शामिल होने के लिये लालायित है। मान्यता है कि जब माता स्वयं भक्तों को अपने पास बुलाती है, तभी दर्शनार्थी यात्रा करने तथा दर्शन पाने में सफल हो पाता है।
आप और हम सभी अत्यंत सौभाग्यशाती है, कि ममतामयी माता ने हमें इतने बड़े समूह के साथ अपने दर्शन का अवसर प्रदान किया है। यह एक समस्त मनोरथ पूर्ण करने वाली धार्मिक यात्रा है।
हमें इस यात्रा का सम्पूर्ण फल प्राप्त करना है, तो यात्रा के आरम्भ से अंत तक धर्ममय वातावरण में रहकर माता वैष्णों देवी के गुणगान तथा जयकारों से अपनी मनोकामनाओं को पूर्ण कर सकते हैं।
इस विशाल सामूहिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य सांसारिकता में लिप्त मानव मन में धार्मिक जाग्रति. आत्मिक शांति एवं शाश्वत आनंद की प्राप्ति तथा विश्व कल्याण हेतु जगत् जननी माँ से आशीर्वाद प्राप्त करना है तथा नई पीढ़ी में अपनी धार्मिक परम्पराओं के आकर्षण व आनंद का अनुभव व मातृशक्ति के प्रति आस्था जाग्रत करना है।
रेल मंत्रालय द्वारा स्पेशल ट्रेन के हॉल्टिंग तथा सर्विस चार्ज व अन्य महंगाई के कारण रेलभाड़ा, आवास तथा भोजनादि का खर्च बढ़कर लगभग 6800/- रूपये प्रतियात्री होने की संभावना है. जबकि समिति द्वारा प्रतिमात्री मात्र 5100/- रूपये यात्रा शुल्क निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त व्यय समिति के सेवकों व सहयोगियों द्वारा सेवार्थ वहन किया जा रहा है। यह यात्रा इसी तरह निरंतर जारी रहे. इस हेतु समिति के उत्साहवर्धन के लिये सक्षम मातृभक्तों से स्वयं स्वेच्छा से सहभागी बनने के लिये आगे आने की अपेक्षा की जाती है।
माँ वैष्णों देवी तीर्थ यात्रा समिति का यह प्रयास तभी सार्थक होगा, जब इसी तरह की कई छोटी-बड़ी, सामूहिक यात्राएँ वर्ष भर संस्कारधानी तथा आस-पास पास के शहरों से विभिन्न संस्थाओं, समुदायों तथा धर्मप्रेमीजनों द्वारा आयोजित होती रहें। हमारी समिति ऐसी सभी संस्थाओं को भरपूर सहयोग देने के लिये कृतसंकल्पित है, जो ऐसे आयोजनों द्वारा धर्म जागरण के लिय आगे आना चाहती हैं।
सभी यात्रियों से निवेदन है कि, हर समय यात्रा समूह के साथ रहें, तथा समस्त कार्य नियमों का पालन करते हुए निर्धारित समय पर करें। जिसका विवरण आगे दिया जा रहा है। मदनमहल स्टेशन से चलने के पहले आपको यह पुस्तिका तथा बैच (जिसके पीछे आपका कोच नं., बर्थ नं., रूकने का स्थान इत्यादि लिखें गये हैं) वितरित किया गया है सभी यात्रियों से प्रार्थना है कि सम्पूर्ण यात्रा के दौरान यह बैच धारण किये रहें। (इसी बैच के द्वारा नियोजित सुविधाओं की प्राप्ति हो सकेगी) तथा दर्शन के लिये कटरा से भवन के लिये चढ़ते व उतरते समय कैप धारण किये रहें, इससे समूची व्यवस्था में सुगमता तथा एकरसता बनी रहेगी। बेहतर होगा यदि आप अपने साथ मूल आई.डी. (परिचय-पत्र) भी रख लेवें।
माँ वैष्णों देवी तीर्थ यात्रा समिति द्वारा आप सभी के सहयोग से यात्रियों के लिये जलपान, भोजन एवं विश्राम की यथा संभव व्यवस्था की गई है, फिर भी समूह की विशालता तथा अन्य कारणों से विलम्ब व असुविधा की स्थिति बन सकती है। आप सभी सहयात्रियों से अनुशासित सहयोग एवं धैर्य की अपेक्षा की जाती है। वे साधुवाद के पात्र हैं, जो इस विशाल सामूहिक तीर्थयात्रा रुपी महायज्ञ में सेवा कार्य तथा आर्थिक सहयोग की आहुतियाँ देगें व बड़भागी हैं कि उनको माँ जगत् जननी जगदम्बे ने अपने द्वारा प्रदत्त शक्ति व सम्पदा में से यह कल्याणकारी सुकृत्य करने का अवसर प्रदान किये है।
यात्रा का आनंद तथा संचालन आप सभी के सहयोग से ही सम्भव है, सभी एक विशाल परिवार की तरह शालीनता, मर्यादा, सहयोगात्मक भावना, समन्वय तथा सौहार्द्र से परिपूर्ण रहें, इसी अनुग्रह के साथ आपकी यात्रा मंगलमय हो।
संतजन कहते हैं तीर्थयात्रा को सात्विकता के साथ करना चाहिये हम माँ के दर्शन की तीर्थयात्रा पर जा रहे हैं, पिकनिक पर नहीं, तीर्थधाम की पवित्रता और स्वछता की रक्षा करना हमारा धर्म है।
निवेदक : संस्कारधानी कल्याणकारी एवं उत्थान सेवा समिति, मदनमहल, जबलपुर
हमारी आध्यात्मिक और पवित्र मंदिरों की यात्राएँ
520 अमनपुर सोनिका पेपर के पास,
नसिंघ वार्ड, जबलपुर, मध्य प्रदेश, 482001