आपको प्रदान किया गया बैच अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसके बगैर यात्री यात्रा में सम्मिलित होने का पात्र नहीं होगा। कृपया आरक्षित बैचधारी यात्री ही कोच में प्रवेश करें, विदाई देने वाले कृपया कोच के बाहर प्लेटफार्म से ही विदाई देवें, उनका कोच में प्रवेश वर्जित है। अपना सामान अपनी बर्थ पर यात्री स्वयं जाकर रखें।
कृपया अपना बैच पूरे समय इस तरह धारण करें कि दिखता रहे, कपड़ों के भीतर या जेब में बैच को रखना नियम का उल्लंघन है। बैच खो जाने कि स्थिति में डुप्लीकेट बैच पुनः 5100/- की राशि देने पर ही प्रदान किया जायेगा।
यात्रा के दौरान अगर कोई यात्री बगैर बेच के पाया जाता है, तो उसे ट्रेन से उतार दिया जायेगा, किसी भी स्थिति में अतिरिक्त यात्री यात्रा का पात्र नहीं होगा। सभी यात्रियों को सुझाव है कि जिनका आरक्षण है, वे ही यात्रा में सम्मिलित हों किसी अन्य का बैचधारी बगैर बैच माना जायेगा।
आपको अपने सामान पर लगाने के लिए टैग दिये गये हैं, ये टैग अपने सामान पर नाम, पता, फोन नं. लिखकर ऐसे लगायें ताकि वे बाहर से ही दिखते रहें। बगैर टैग लगा सामान लावारिस समझकर बाहर किया जा सकता है।
अगर कोई यात्री बगैर बैच या किसी अन्य का बैच धारण किये दिखें, तो आपका कर्तव्य है कि उसकी सूचना कोच के सेवाधारी तथा आयोजकगणों को अवश्य देवें, ताकि उचित कार्यवाही की जा सके, तथा सभी सहयात्रियों से अपने अपने बैच सामने वाले को दिखाई देते रहें, ऐसा पहने रहने को कहें।
यात्रियों की अधिकता के कारण कोई एक यात्री छः बर्थों के कम्पार्टमेन्ट के बीच के फर्श पर रात्रि में बिस्तर लगाकर सोएगा, कृपया फर्श को खाली, सूखा व स्वच्छ रखकर ऐसे यात्री को सहयोग करें।
अपने साथ कम से कम सामान लेकर यात्रा करें। सामान की सुरक्षा एवं वहन की व्यवस्था यात्री को स्वयं करनी होगी। गर्म कपड़ों की आवश्यकता होगी, पर्याप्त गर्म कपड़े, चादर, तकिया इत्यादि साथ रख लेवें।
ट्रेन के स्टैशनों पर रुकने पर आवश्यक कार्य होने पर सिर्फ सेवाधारी ही उतरें, बाकी सभी यात्री अपने कोचों में ही रहें। व्यर्थ की भीड़ कर व्यवधान न डालें। अपने साथ लाये बच्चों पर विशेष ध्यान रखें, उन्हें घूमने के लिये स्वतंत्र न छोड़ें, बच्चों के गुमने अथवा यात्री के स्टेशन पर छूट जाने की जवाबदारी आपकी स्वयं की होगी।
अन्नपूर्णा कोच में (सिर्फ अन्नपूर्णा कोच के निर्धारित सेवाधारियों के सिवाय) सभी का प्रवेश वर्जित है। कोई भी सहयात्री या सेवाधारी अन्नपूर्णा कोच (पेन्ट्री कार) से न निकले, और न जावे। ट्रेन के अंदर जयकारे लगाने वाली टोलियां भी अपनी तरफ की अन्नपूर्णा कोच के पहले की बागियों में भ्रमण करें, अन्नपूर्णा कोच के दूसरी तरफ जाने का प्रयास न करें, तथा भोजन व जलपान वितरण के समय अपने-अपने कोचों में रहें, कहीं भी भ्रमण के लिये न निकलें।
कोई भी यात्री चलती ट्रेन में दरवाजे के पास खड़ा न रहे, ट्रेन के दरवाजे अच्छी तरह बंद रखें।
सेवा समिति द्वारा जो भी व्यवस्थाएं यात्रियों के लिए की गई हैं इसके अतिरिक्त आवश्यकताएं यात्रियों को अपने स्वयं के खर्चे से वहन करना होंगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन के विलम्ब से चलने अथवा अन्य कारणों से व्यवस्थाओं में परिवर्तन किया जा सकता है, अपनी आवश्यक सुविधाएं साथ रखें।
यात्रा में प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा है। आवश्यकता पड़ने पर उपयोग कर सकते हैं। फिर भी अपनी नित्य उपयोग में आने वाली औषधियां अपने साथ रखें। आपात स्थिति में कोच नं. 10 में बर्थ नं. 20, 21, 23 पर डॉक्टर्स एवं दवाईयाँ आपकी सेवार्थ उपलब्ध हैं। कटरा में डॉक्टरों के मिलने का स्थान होटल नेक रहेगा, आवश्यकता होने पर सहयात्री निःशुल्क लाभ ले सकते हैं। हार्ट, ब्लडप्रेशर अथवा गम्भीर व्याधि के मरीज यात्रा में सम्मिलित न होवें।
सभी यात्री अपने स्वास्थ्य सुरक्षा तथा जन-माल की हिफाजत व वहन के लिये स्वयं जिम्मेदार हैं, यात्रा के दौरान किसी भी तरह की आकस्मिक दुर्घटना या नुकसान के लिये यात्रा समिति जवाबदार नहीं है।
कोई भी सामान गुमने या मिलने की स्थिति में कोच नं. 13 योगेश्वरी, पर श्री अर्पित तिवारी जी मोबा. 098262-52351, कटरा में निवास होटल अशोका से खोया-पाया विभाग में संपर्क करें।
यात्रा के दौरान वितरित किये जाने वाले जलपान एवं भोजन को प्रेम से प्रसाद स्वरुप ग्रहण करें, जितनी आवश्यकता हो, उतना ही लेवें, जूठा फेंककर अनजाने में पाप के भागी न बनें। मिनरल वाटर की बॉटलों का इस्तेमाल सिर्फ पीने के लिये करें।
ट्रेन के टॉयलेट व वॉशबेसिन के पानी का उपयोग सावधानी से करें, व्यर्थ न बहायें। यात्रा के दौरान ट्रेन के टॉयलेट में नहाने व कपड़े धोने की सख्त मनाही है, अगर कोई यात्री ऐसा करता पाया जायेगा तो उसे 1000 रुपये जुर्माना अथवा ट्रेन से उतरने का दण्ड भुगतान होगा। टॉयलेट, वॉशबेसिन तथा संपूर्ण कोच को स्वच्छ एवं सूखा रखें।
ट्रेन की चेन पुलिंग होने पर सम्बन्धित व्यक्ति से जुर्माना लिया जायेगा।
सर्वाधिक सुसज्जित, धर्ममय, सर्वाधिक अनुशासित तथा सर्वाधिक स्वच्छत वाले तीन कोचों के प्रभारी तथा सेवाधारियों को सम्मान समारोह में परम् तपस्वी पूज्य संतों द्वारा चुनरी प्रदान कर सममानित कराया जावेगा, तथा सभी कोचों के समर्पित सेवाधारियों तथा प्रभारियों का सम्मान पत्र भेंट कराया जावेगा।
यात्रा के दौरान ताश खेलकर, धूम्रपान, या किसी भी तरह का नशाकर यात्रा की गरिमा नष्ट न करें। ऐसा करने वालों को यात्रा से वंचित कर रास्ते में ही उतार दिया जायेगा।
समिति द्वारा निर्धारित व्यवस्थाएँ तथा नियम सभी के लिये समान हैं, कृपया उनका उल्लंघन कर उपहास व उपेक्षा के पात्र न बनें।
भवन में दर्शन करने के लिए यात्रा पर्ची काउंटर पर जाकर स्वयं बनायें। दर्शन के समय बैच धारण किये रहें, उसके बगैर आपको दर्शन की कतार में लगने नहीं दिया जायेगा।
(1) यात्रा पर्ची काउंटर क्र. 1, बस स्टेण्ड
(2) यात्रा पर्ची काउंटर क्र. 2, त्रिकुटा भवन
(3) त्रिकुटा भवन के अंदर
(4) कटरा रेल्वे स्टेशन में प्लेटफार्म पर
यात्रियों के रुकने एवं विश्राम की व्यवस्था सिर्फ कटरा में ही की गई है। ऊपर भवन क्षेत्र में दर्शन के पश्चात् जो यात्री वहीं विश्राम करना चाहते हैं, वे स्वयं की व्यवस्था से विश्राम कर सकते हैं।
स्पेशल ट्रेन में मोबाइल चार्जिंग की व्यवस्था नहीं की गई है, अपने मोबाइल चार्ज करके लावें, अथवा अतिरिक्त बैटरी रखें। कटरा में प्रीपेड मोबाइल काम नहीं करते हैं, केवल पोस्टपेड मोबाइल काम करते हैं।
अनेक उत्साही श्रद्धालु यात्रियों द्वारा सेवा कार्य हेतु अपना नाम तथा सहयोग राशि लिखवाई गई है। अगर कोई अन्य यात्री भी सेवा कार्य में सम्मिलित होना चाहता है अथवा अपनी तरफ से कोई वस्तु या राशि भेंट करना चाहें, तो कार्यालय या आयोजकगण के यहाँ संपर्क कर सकता है।